
मुंबई Realindianews.com हफ्ते के पहले दिन निवेशकों को भारी घाटा हुआ है। सोमवार को मार्केट कैप में 8.29 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई है। शुक्रवार को यह 263.47 लाख करोड़ रुपए था जो आज 255.11 लाख करोड़ रुपए रहा। दो दिनों में इसमें 12 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। शुक्रवार को यह 4 लाख करोड़ घटा था। साल 2022 की यह शेयर बाजार की सबसे बड़ी गिरावट है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल टीसीएस ही बढ़त में रहा, बाकी 29 शेयरों में गिरावट रही। टीसीएस का शेयर 1.05 फीसदी बढ़ा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 1,747 पॉइंट्स (3 प्रतिशत) टूटकर 56,405 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 531 अंक (3.06 प्रतिशत) गिर कर 16,842 पर बंद हुआ। पेटीएम का शेयर 4.7 प्रतिशत टूटकर 863 रुपए, नायका का शेयर 7.78 प्रतिशत गिर कर 1,515 और जोमैटो का स्टॉक 6.82 प्रतिशत गिर कर 82.70 रुपए पर बंद हुआ। इन तीनों नई उम्र की कंपनियों का यह सबसे निचला स्तर है। स्माल और मिड कैप इंडेक्स 4-4 प्रतिशत टूटे हैं। गिरावट का मुख्य कारण यूक्रेन और रूस के बीच तनाव है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें 7 साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गई हैं। यह 93 डॉलर प्रति बैरल के पार हैं। बाजार में यह भी अनिश्चितता है कि एसआईसी का आईपीओ कैसा रहेगा। सरकार अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ लेकर आ रही है और फाइनेंशियल सेक्टर में यह सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी होगी।