देश

मुख्यमंत्री योगी देश के सबसे लोकप्रिय CM, ममता का भी बढ़ा ग्राफ… जानें किस नंबर पर केजरीवाल

लखनऊ
 उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री का खिताब हासिल किया है। पिछले साढ़े सात साल में उत्तर प्रदेश अपने कार्य से अलग पहचान बनाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बनकर उभरे हैं। प्रतिष्ठित मीडिया समूह के 'मूड ऑफ द नेशन' सर्वे में योगी आदित्यनाथ को नंबर वन सीएम के तौर पर जनता ने चुना है। देशभर में 1.36 लाख से अधिक जनता के बीच हुए सर्वे में 33 प्रतिशत से अधिक लोगों ने योगी को बेस्ट सीएम माना है। योगी इस सर्वे में लगातार तीसरी बार देश के बेस्ट चीफ मिनिस्टर चुने गए हैं। वहीं, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बहुत पीछे हैं।

'मूड ऑफ द नेशन' सर्वे में देश के 30 राज्यों की जनता से सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री के बारे में पूछे गये सवालों में योगी आदित्यनाथ को सर्वाधिक मत मिले हैं। जनता से पूछा गया कि वे किसे देश का सबसे बेहतरीन मुख्यमंत्री मानते हैं? इस पर 33 प्रतिशत से अधिक लोगों ने योगी आदित्यनाथ के नाम पर अपनी मुहर लगाई है। इस सर्वे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मात्र 13.8 प्रतिशत लोगों ने लोकप्रिय माना है। पश्चिम बंगाल की सीएम लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 9.1 प्रतिशत लोगों ने समर्थन दिया।

सर्वे में चौथे नंबर पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन हैं, जिन्हें 4.7 प्रतिशत मत मिला। इसी तरह पांचवें नंबर पर आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू हैं, जिन्हें 4.6 फीसदी लोगों ने समर्थन दिया। इस लिस्ट में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया, असम के हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी कुछ हद तक समर्थन मिला है।

सीएम योगी ने बनाई अलग पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते साढ़े सात साल में कानून-व्यवस्था से लेकर बड़े स्तर पर काम किया है। उनके बुलडोजर मॉडल को अलग ही पहचान मिली हुई है। साथ ही, प्रदेश में रोड कनेक्टिविटी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मिशन मोड में कार्य किया। इसके साथ ही यूपी को उद्योग प्रदेश बनाने में जुटे योगी ने यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए 40 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव हासिल किया है। इसके अलावा दो करोड़ युवाओं को रोजगार और साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देकर भी योगी आदित्यनाथ ने अपनी लोकप्रियता में इजाफा किया है।

मूड ऑफ द नेशन सर्वे से यह साफ दिख रहा है कि समय के साथ जनता की प्राथमिकताएं और पसंद बदली हैं. जहां एक ओर कुछ मुख्यमंत्री अपने प्रदर्शन से जनता का दिल जीत रहे हैं, वहीं कुछ को अपने समर्थन में कमी का सामना करना पड़ रहा है. 

इसके हर राज्य में लोगों से यह भी पूछा गया कि वे अपने मुख्यमंत्री के कामकाज से कितने संतुष्ट हैं. इस सर्वे के अनुसार, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग अपने राज्य में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बनकर उभरे हैं. अगस्त 2024 में 55.7% लोगों ने उनके कामकाज पर संतोष व्यक्त किया, जबकि फरवरी 2024 में यह आंकड़ा 26% था और अगस्त 2023 में 32.5% था. यह एक बड़ा उछाल है, जो उनके कामकाज की बढ़ती स्वीकार्यता को दिखाता है.

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इस लिस्ट में अपने राज्य में एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पहचान बनाई है. अगस्त 2024 में 50.8% लोगों ने उनके कामकाज से संतुष्टि जताई, जो फरवरी 2024 में 48.6% और अगस्त 2023 में 49.2% था.

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल को 46% लोगों का समर्थन मिला. हालांकि, उनके समर्थन में गिरावट आई है, क्योंकि फरवरी 2024 में यह आंकड़ा 42.6% और अगस्त 2023 में 55.3% था.

भूपेंद्रभाई पटेल के उलट पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने अपनी स्थिति में सुधार किया है. अगस्त 2024 में 45.5% लोग उनके कामकाज से संतुष्ट दिखे. जबकि, फरवरी 2024 में यह आंकड़ा 32.8% और अगस्त 2023 में 32% था. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को 44.4% लोगों का समर्थन मिला. नायडू इस सर्वे में पहली बार शामिल किए गए हैं. 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन का ग्राफ 44.4% रहा, जो फरवरी 2024 में 36.5% और अगस्त 2023 में 57.7% था. उनके समर्थन में भी गिरावट देखने को मिली है. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को 40.6% लोगों ने समर्थन दिया जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को 39.9% लोगों का समर्थन मिला.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन घटकर 38.9% हो गया. योगी के लिए यह आकड़ा फरवरी 2024 में यह 51.3% और अगस्त 2023 में 46.9% था. वहीं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा को 38.4% लोगों का समर्थन मिला, जो फरवरी 2024 के मुकाबले घटा है. 

इस सर्वे से यह स्पष्ट होता है कि अपने मुख्यमंत्री के प्रदर्शन को लेकर राज्य के जनता की राय लगातार बदलती रही है. सिक्किम और असम जैसे राज्यों में मुख्यमंत्रियों ने अपनी लोकप्रियता को बढ़ाया है, तो वहीं उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे बड़े राज्यों में मुख्यमंत्रियों को अपने समर्थन में कमी का सामना करना पड़ा है.

यह सर्वे भारतीय राजनीति में जनता के बदलते मूड का एक महत्वपूर्ण संकेतक है, जो यह बताता है कि किस मुख्यमंत्री का कामकाज उनके राज्य के लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये मुख्यमंत्री अपनी लोकप्रियता को बरकरार रख पाते हैं या फिर कोई नया चेहरा इस सूची में अपनी जगह बना लेगा.

 मूड ऑफ द नेशन सर्वे 15 जुलाई से 10 अगस्त 2024 के बीच किया गया. इस सर्वे में 1,36,436 लोगों की राय ली गई. पूरे देश के 543 लोकसभा क्षेत्रों में यह सर्वेक्षण किया गया, जिससे जनता की सोच और राय को समझने की कोशिश की गई. यह सर्वे देश की मौजूदा स्थिति पर जनता की सोच को सामने लेकर आता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button