देश

प्रदेश में सियासी हलचल हुई तेज, हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन होंगी झारखंड की डिप्टी CM?

रांची
झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना के बीच पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग उठ रही है। खास बात यह है कि यह मांग झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की बजाय उसकी सहयोगी कांग्रेस पार्टी की तरफ से आई है। जामताड़ा से कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी ने यह मांग उठाई है। उनका कहना है कि इससे बेहतर संदेश जाएगा। इरफान के मुताबिक, कल्पना सोरेन ने लोकसभा चुनाव में गठबंधन को शानदार जीत दिलाई है। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर अलग मुकाम हासिल किया है। उन्हें डिप्टी सीएम बनाने का बेहतर संदेश भी जाएगा। इससे आगामी विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन को लाभ होगा।

कांग्रेस की मांग पर JMM चुप
उन्होंने यह भी कहा कि कल्पना सोरेन आसानी से इस पद को हासिल कर सकती हैं। वे गांडेय से विधानसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं। हालांकि, इस मांग पर सत्तारूढ़ झामुमो की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दो दिन पूर्व कांग्रेस के वरीय नेताओं ने कल्पना सोरेन से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा भी की है। गठबंधन लोकसभा चुनाव परिणाम से उत्साहित है। विधानसभा चुनाव में भी तालमेल कर सभी दल चुनाव लड़ेंगे।

मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना, कौन लेगा आलमगीर की जगह?
उल्लेखनीय है कि आलमगीर आलम द्वारा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद चंपई सोरेन मंत्रिमंडल का विस्तार संभावित है। कांग्रेस में इसे लेकर लॉबिंग जोरों पर है। अभी तक आलाकमान ने किसी का नाम तय कर नहीं भेजा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से कहा जा रहा है कि आलमगीर आलम के इस्तीफे से खाली हुई सीट को भरने के लिए कांग्रेस नाम भेजे। इसके बाद उसपर विचार किया जाएगा। कल्पना सोरेन को लेकर अभी मोर्चा हड़बड़ी में नहीं है। उल्लेखनीय है कि फिलहाल पार्टी में कल्पना सोरेन को महत्वपूर्ण पद सौंपने की तैयारी चल रही है। उन्हें केंद्रीय उपाध्यक्ष या महासचिव बनाया जा सकता है। जल्द ही इसपर निर्णय हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button