देश

केजरीवाल के साथ बिभव की नई तस्वीर पर भाजपा आक्रामक

नई दिल्ली

आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई बदसलूकी का मामला थमता नहीं दिख रहा है। अब एक तस्वीर सामने आने के बाद विवाद ने और तूल पकड़ लिया है। भाजपा की ओर से वायरल की जा रही तस्वीर में केजरीवाल के साथ उनके पीए बिभव कुमार दिख रहे हैं, जिन पर खुद आम आदमी पार्टी ने मालीवाल से अभद्रता और बदतमीजी का आरोप लगाते हुए सख्त ऐक्शन का ऐलान किया था। भाजपा नेताओं ने इस तस्वीर के साथ अरविंद केजरीवाल की नए सिरे से घेराबंदी शुरू कर दी है।

दरअसल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बुधवार रात लखनऊ पहुंचे। उनके साथ राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह भी थे। भाजपा नेताओं ने एक तस्वीर जारी कि जिसमें केजरीवाल के पीछे बिभव कुमार भी दिख रहे हैं। अब इसको लेकर भाजपा बेहद आक्रामक है। पार्टी पूछ रही है कि जिस शख्स पर एक महिला सांसद से बदसलूकी का गंभीर आरोप है और जिसके खिलाफ ऐक्शन लेने की बात कही गई थी वह अब तक सीएम के साथ कैसे घूम रहा है?

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'स्वाति मालीवाल के साथ हुई घटना, दुर्घटना नहीं साजिश है। जिस बिभव पर, जो केजरीवाल के पीए बताए जाते हैं, संजय सिंह ने खुद स्वीकार किया कि हां मुख्यमंत्री आवास पर उनके साथ अभद्रता की गई। हम संज्ञान लेंगे, केजरीवाल बिभव से नाराज हैं। कल रात की यह तस्वीर देखिए लखनऊ एयरपोर्ट पर संजय सिंह भी हैं, केजरीवाल भी हैं और विभव भी। मतलब वही झूठ, मक्कारी और धोखा जो आम आदमी पार्टी के चरित्र में है, एक बार फिर दिखाई दे गया। दो दिन पहले संजय सिंह कह रहे हैं कि इस घटना में विभव का हाथ है, अरविंद केजरीवाल संज्ञान लेंगे, लेकिन केजरीवाल उसे बांहों में लेकर लखनऊ गए। समझ लीजिए आम आदमी पार्टी का चरित्र क्या है।'

खबर लिखे जाने तक आम आदमी पार्टी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। गौरतलब है कि सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर मालीवाल के साथ बदसलूकी की गई थी। उन्होंने दिल्ली पुलिस को कॉल करके सूचना दी थी। बाद में सिविल लाइंस थाने भी पहुंचीं। लेकिन लिखित शिकायत दिए बिना लौट गईं। करीब 30 घंटे बाद संजय सिंह ने मीडिया के सामने आकर स्वीकार किया कि बिभव कुमार ने उनके साथ अभद्रता की है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लिया है और सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button