फ़िल्म जगत

सलमान खान के घर फायरिंग मामले में क्राइम ब्रांच ने एक और शख्स को किया गिरफ्तार

मुंबई

मुंबई में अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक पांचवें आरोपी क राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है और उसका नाम मोहम्मद चौधरी है। पुलिस का कहना है कि चौधरी बाकी को दोनों आरोपियों की मदद कर रहा था। वह शूटरों सागर और विक्की को पैसे मुहैया करवा रहा था और रेकी में भी पूरी हेल्प कर रहा था। आज ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बता दें कि सलमान खान फायरिंग मामले के एक आरोपी ने पुलिस हिरासत में ही खुदकुशी कर ली थी। चौधरी की गिरफ्तारी मुंबई के बांद्रा इलाके में हुई गोलीबारी की घटना की चल रही जांच के बीच हुई है। यह गिरफ्तारी सलमान खान के आवास पर हमले से जुड़े व्यक्तियों की एक और कड़ी को जोड़ती है।
पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को पकड़ा

14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में सलमान खान के घर के बाहर दो बाइक सवार लोगों ने गोलीबारी की। गोलीबारी की घटना के सिलसिले में शूटर सागर पाल और विक्की गुप्ता समेत चार लोगों को पहले गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को भी वांछित आरोपी के रूप में दिखाया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक अनुज थापन की मुंबई पुलिस हिरासत में मौत हो गई। अनुज और सोनू के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं और वह शुरू से ही लॉरेंस गैंग से जुड़े रहें हैं। दोनों ने 15 मार्च को पनवेल में दो पिस्टल की डिलीवरी की थी। दोनों ने सागर पाल और विक्की गुप्ता को दो पिस्तौल और 38 जिंदा कारतूस दिए। सागर पाल और विक्की गुप्ता दोनों ने सलमान के घर पर फायरिंग की थी। घटना के दूसरे दिन यानी 15 अप्रैल की रात दोनों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिया गया।

मुंबई पुलिस ने खुलासा किया कि थापन ने हिरासत में रहते हुए अपनी जान लेने का प्रयास किया और अस्पताल ले जाने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया था। अनुज थापन के परिवार ने उसकी मौत की सीबीआई जांच की मांग करते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है। जबकि पुलिस का दावा है कि थापन ने लॉक-अप में खुद को मार डाला। उसकी मां रीता देवी ने शुक्रवार को एचसी में दायर अपनी याचिका में कहा कि उसे मार दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button