उत्तर प्रदेश

मौसम विभाग ने लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, कानपुर समेत 26 जिलों में भीषण गर्मी की दी चेतावनी

लखनऊ

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा में नमी बढ़ गई है। गर्मी से कोई राहत नहीं है। ऐसे में मौसम विभाग ने रात में तापमान सामान्य से ऊपर रहने और उमस से परेशानी होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, सुलतानपुर, कानपुर समेत 26 जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की है। वहीं देर रात मेरठ में आंधी-बारिश ने दस्तक दी है। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट हुई है। आंधी-बारिश का यह दौर अगले कुछ दिन तक रुक-रुककर जारी रहने के आसार हैं। हालांकि इससे गेहूं की कटाई प्रभावित होने की आशंका है।

वहीं, अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ यूपी के ऊपर से गुजर रहा है। एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। दोनों को पर्याप्त नमी नहीं मिल पा रही है जिसकी वजह से लखनऊ और आसपास के जिलों में अभी वर्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती। उल्टे हवा में नमी बढ़ने की वजह से गर्मी के साथ उमस में बढ़ोतरी होगी। रात के समय उमस बढ़ने से कूलर, पंखे गर्मी से राहत देने में नाकाफी साबित होने लगते हैं।

वहीं, शनिवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही होने से तापमान शुक्रवार के मुकाबले तीन डिग्री नीचे आया। अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उमस बढ़ने से न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम केन्द्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहेगा। दिन में बादलों की आवाजाही रहेगी।

यूपी में सबसे गर्म रहा कानपुर
गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन पूरे उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की है। शनिवार को प्रदेश में कानपुर नगर सबसे गर्म स्थान रहा, यहां दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन के साथ रातें भी गर्म होंगी। साथ में हीट वेव (लू) चलेगी। तीन दिनों तक मौसम का मिजाज यही रहेगा। सावधानी नहीं बरती गई तो बीमार होने का खतरा है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से मंगलवार बेहद गर्म रहेंगे। इन दिनों तापमान 42 डिग्री से अधिक रहेगा। यह 44 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक भीषण गर्मी रहेगी। आसमान साफ रहेगा इसलिए तेज धूप का सामना करना पड़ेगा। दिन में धूल भरी गर्म हवाएं भी चलेंगी। इन दिनों दोपहर में बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कत हो सकती हैं। इसलिए बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकला जाए। साथ में बचाव के सभी उपाय साथ में लेकर चलना ठीक रहेगा।

छाता, पानी की बोतल जरूर साथ रखें। प्यास न लगने पर भी बार-बार पानी पीते रहना लू से बचाएगा। बुजुर्ग अगर बाहर जा रहे हैं तो उनके साथ परिवार का एक सदस्य का रहना जरूरी है। बुधवार से आंशिक बादल छाए रहेंगे लेकिन तापमान में कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।

तापमान में आई मामूली कमी
शनिवार को तापमान में मामूली कमी आई है। अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक होकर 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 54 रहा है। अगले तीन दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा।

बाजार का खाना तुरंत करें बंद
इन दिनों खानपान की चीजें जल्द खराब होती हैं। बाजार में खराब खाने में मसाले आदि डालकर परोस दिया जाता है। साथ ही खुले में लगने वाली ठेलों से संक्रमण का सर्वाधिक खतरा रहता है। गन्ने का रस भी इसी श्रेणी में आता है। इनसे परहेज किया जाए। खुले या कटे फलों को खाने से पेट खराब होने का खतरा है।

आंधी-बारिश से फिसला पारा
मेरठ में शुक्रवार को 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच तापमान से देर रात आंधी-बारिश ने भी दस्तक दे दी। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट हुई है। आंधी-बारिश का यह दौर अगले कुछ दिन तक रुक-रुककर जारी रहने के आसार हैं। हालांकि इससे गेहूं की कटाई प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार देर रात दो मिमी बारिश हुई। शनिवार को दिन के तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई जबकि रात में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं तेज आंधी से शहर में कई जगह पेड़ टूट गए। कई जगह कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हुई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी और आंधी-बारिश का यह दौर जारी रह सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button