देश

बिहार से प्रेमिका से शादी करने बंगाल गया युवक जबलपुर में मृत मिला

आरा.

बिहार के आरा से एक युवक के शव के साथ आरा-पटना मुख्य मार्ग को आगजनी कर जाम करने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई है। मृत युवक का शव मध्य प्रदेश के जबलपुर स्टेशन पर ट्रेन से बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि नगर थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा गांव निवासी शिवमुनि यादव का बेटा संजय कुमार शादी की नीयत से एक लड़की के साथ बाहर गया था। जिस लड़की के साथ वह गया था, वह लड़की अहिरपुरवा में अपने ननिहाल में रहती थी।

प्रेमिका के साथ हावड़ा गया था युवक
मृतक के भाई ने बताया कि 23 अप्रैल से संजय कुमार लापता था। नगर थाना पुलिस जब उसे ढूंढते हुए घर आई, तब पता चला कि वह लड़की के साथ गया है। हम लोगों ने बहुत खोजबीन करने का प्रयास किया। लेकिन उसकी जानकारी कहीं नहीं मिल पा रही थी। 25 अप्रैल को उसने खुद फोन किया और बताया कि वह सुषमा के साथ हावड़ा आया है। फोन पर लड़की ने भी बात की और बताया कि हम लोग शादी करने जा रहे हैं। उसके बाद दोनों से कोई संर्पक नहीं हुआ।

जबलपुर में मिला युवक का शव
मृतक के भाई ने आगे बताया कि उसके बाद जबलपुर आरपीएफ द्वारा फोन कर बताया गया कि यहां संजय कुमार का शव है, आप लोग आकर ले जाइए। हम लोग वहां पहुंचे तो एक मेडिकल कॉलेज में मेरे भाई का शव रखा था और उसके गले पर रस्सी का निशान था। जिस लड़की के साथ वह गया था, उसने बताया कि आपके भाई ने आत्महत्या कर ली है।

प्रेमिका और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप
मृतक के भाई ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं है, बल्कि लड़की ने ही अपने परिजनों के साथ मेरे भाई की हत्या की है। उन्होंने बताया कि परिजन शुक्रवार की देर रात शव को लेकर आरा पहुंचे। उसके बाद शव के साथ अहले सुबह रोड जाम कर न्याय की मांग करने लगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button