देश

देश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश और लू की भविष्यवाणी की: भारत मौसम विज्ञान विभाग

नई दिल्ली
अप्रैल का महीना शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश और लू की भविष्यवाणी की है। 6 अप्रैल तक पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में 4 अप्रैल को हीटवेव की स्थिति का अनुभव होने की संभावना है, जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर भी इस अवधि के दौरान हीटवेव की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। वहीं राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावनाएं जताई जा रही है।

दिल्ली में कैसा है मौसम का मिजाज
दिल्ली में बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग ने शहर के हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। विभाग के मुताबिक, आर्द्रता का स्तर 63 फीसदी दर्ज किया गया। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 155 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में रहा। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

तेलंगाना के कई जिलों के अलग-अलग स्थानों पर सात-नौ अप्रैल तक तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र (आईएमडी) ने बुधवार को बताया कि तेलंगाना का अधिकतम तापमान अगले चार दिनों में दो-तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ने का अनुमान है। इसी अवधि के दौरान मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। तेलंगाना में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहा। राज्य के आदिलाबाद और निजामाबाद जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बंगाल में जारी रहेगी बारिश
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। बुधवार को राज्य के कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तरी बंगाल के कुछ इलाकों में बुधवार और गुरुवार को गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की तरफ जताई गई है।

जम्मू कश्मीर में बारिश के साथ बर्फबारी
केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज बादल छाए रहने और शाम को गरज के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश/हिमपात या फिर गरज के साथ बौछार होने का अनुमान जताया है। प्रदेश में गुरुवार को मौसम शुष्क रहेगा। प्रदेश में पांच अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात हो सकती है। उसके बाद छह से 10 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है। प्रदेश में खराब मौसम के मद्देनजर किसानों को तीन और पांच अप्रैल को कृषि कार्य बंद करने की सलाह दी गयी है। बादल छाये रहने के साथ प्रदेश में तापमान में सुधार हुआ और कश्मीर घाटी में तापमान सामान्य से ऊपर रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button