मध्यप्रदेश

राज्यसभा में उम्मीदवार चयन को लेकर भाजपा चुनाव समिति की बैठक आज

भोपाल

प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बुधवार दोपहर को अहम बैठक होने जा रही है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में होने वाली इस बैठक का मुख्य एजेंडा राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के चयन का है। इसमें आधा दर्जन से ज्यादा मध्य प्रदेश के नेताओं के नाम पर चर्चा किए जाने की संभावना है।

भाजपा बुधवार को ही लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रबंधन कार्यालय भी शुरू करने जा रही थी, लेकिन हरदा में हुए भीषण अग्निकांड के कारण इसे फिलहाल टाल दिया गया है। बैठक में प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं सहप्रभारी सतीश उपाध्यक्ष के अलावा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा संगठन हितानंद शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य नेता इस बैठक में शामिल होंगे।

ऐसा माना जा रहा है कि राम मंदिर आंदोलन में मुख्य भूमिका निभाने वाले पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया सहित  विनोद गोटिया, अनुसूचित जाति मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, मध्य प्रदेश के पूर्व राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रंजना बघेल और राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष लता वानखेड़े के नाम पर चर्चा हो सकती है। विनोद गोटिया राज्यसभा का चुनाव लड़ भी चुके हैं, लेकिन वे राज्यसभा में पहुंच नहीं सके थे। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में भाजपा के चार राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस के एक राज्यसभा सदस्य का कार्यालय खत्म हो रहा है। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अजय प्रताप सिंह, एल मुरुगन, कैलाश सोनी और कांग्रेस की ओर से राजमणि पटेल का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button