खेल-जगत

प्रखर चतुवेर्दी ने मुंबई के खिलाफ 638 गेंदों का सामना करने के बाद नाबाद 404 रन बनाए, रच डाला इतिहास

 नई दिल्ली
कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज प्रखर चतुवेर्दी ने सोमवार को कूचबिहार ट्रॉफी फाइनल में नायाब इतिहास रच डाला। वह इस टूर्नामेंट के फाइनल में 400 रन की पारी खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मुंबई के खिलाफ 638 गेंदों का सामना करने के बाद नाबाद 404 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 46 चौके और 3 छक्के लगाए। मुंबई के 380 रन के जवाब में कर्नाटक ने अपनी पहली पारी 223 ओवर में 890/8 के स्कोर पर घोषित की। बता दें कि कूचबिहार ट्रॉफी, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीाई) का अंडर-19 घरेलू टूर्नामेंट है।

प्रखर और कार्तिक एसयू (67 गेंदों में 50) ने कर्नाटक को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 109 रन की पार्टनरशिप की। कार्तिक 24वें ओवर में आउट हुए। इसके बाद, प्रखर ने हर्षिल धर्माणी के साथ बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 290 रन जोड़े। हर्षिल ने 229 गेंदों में 169 रन बनाए और 92वें ओवर में पवेलियन लौटे। कार्तिकेय केपी ने 72 और हार्दिक राज ने 51 रन का योगदान दिया। टीम इंडिया के हेड कोच और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे समित ने 22 रन जुटाए।

इससे पहले, मुंबई की पहली पारी 113.5 ओवर में 380 रन पर सिमटी। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन आयुष म्हात्रे ने बनाए। उन्होंने 180 गेंदों में 17 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 145 रन की पारी खेली। आयुष सचिन वर्तक के बल्ले से 98 गेंदों में 73 रन निकले। नूतन ने 44 और प्रतीक यादव 30 रन जोड़े। वहीं, कप्तान मनन भट्ट ने 18 रन बनाकर अपना विकेट खोया। कर्नाटक ने पहली के आधार पर मुंबई के खिलाफ 510 रन की विशाल बढ़त हासिल की है। मुंबई के लिए दूसरी पारी में इस तगड़ी चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा।  

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button