मध्यप्रदेश

उप मुख्यमंत्री ने की अपील- प्रसूति सेवाओं के लिये नागरिक काटजू चिकित्सालय आयें

डॉ. कैलाशनाथ काटजू शासकीय महिला चिकित्सालय अत्याधुनिक प्रसूति एवं नवजात शिशु सुविधाओं से संपन्न- उप मुख्यमंत्री शुक्ल

उप मुख्यमंत्री ने की अपील- प्रसूति सेवाओं के लिये नागरिक काटजू चिकित्सालय आयें

भोपाल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि डॉ. कैलाशनाथ काटजू शासकीय महिला चिकित्सालय अत्याधुनिक प्रसूति एवं नवजात शिशु सुविधाओं से संपन्न है। यहाँ ऑपरेटिव वार्ड, पोस्ट ऑपरेटिव केयर, एमएनसीयू, एसएनसीयू, सेंट्रल पैथोलॉजी लैब, प्राइवेट वार्ड आदि सुविधाएँ विश्वस्तरीय हैं। मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता के साथ लगभग 300 बेड की क्षमता वाला यह शासकीय चिकित्सालय प्रसूति एवं नवजात शिशु के लिए उत्कृष्ट चिकित्सकीय सेवाओं के प्रदाय के लिये पूर्णतया तैयार है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने डॉ. कैलाशनाथ काटजू शासकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों, सहायक चिकित्सकीय स्टाफ को निर्देश दिये कि अत्याधुनिक उपकरणों एवं साधनों से सुसज्जित चिकित्सालय में सेवाओं का प्रदाय आगंतुक मरीज़ के लिए एक सुखद अनुभव हो ऐसा प्रयास करें। उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय में भर्ती मरीज़ों, उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में चर्चा की। जिनके द्वारा उत्कृष्ट सेवा प्राप्ति के संबंध में उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।

शासकीय महिला चिकित्सालय के नाम से जाना जाएगा काटजू चिकित्सालय

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने डॉ. कैलाशनाथ काटजू शासकीय चिकित्सालय की सुविधाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से निर्देश दिये कि चिकित्सालय का नाम डॉ. कैलाशनाथ काटजू शासकीय महिला चिकित्सालय कर दिया जाये। जिससे आमजन प्रदत्त सेवाओं के प्रति जागरूक होकर सेवाएँ प्राप्त कर सकें। ज़िले के अन्य शासकीय चिकित्सालय जैसे जेपी हॉस्पिटल और हमीदिया आदि में प्रसूति सेवाओं संबंधी कार्यभार में कमी आए। उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी इस आशय की जागरूकता लाने की अपील की है।

 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक महिला और बाल चिकित्सालय

भोपाल शहर के हृदय स्थल पर स्थित डॉ. कैलाशनाथ काटजू शासकीय चिकित्सालय महिला और नवजात शिशु संबंधी आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का केन्द्र है। 16 हज़ार वर्ग मीटर का विशाल प्रांगण, अत्याधुनिक नवीन भवन, अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एवं उपकरण, कुशल एवं प्रशिक्षित चिकित्सक चिकित्सालय को अपने क्षेत्र में विशिष्ट बनाते हैं।

चिकित्सालय में जटिल गर्भावस्था प्रकरणों के लिये विशेषज्ञ क्लीनिक एवं आवश्यक प्रबंधन, 24 x 7 सामान्य सीजेरियन प्रसव के लिये आधुनिक लेबर रूम व माड्यूलर ओटी साथ ही प्रसव के लिए प्री-बुकिंग सुविधा उपलब्ध है। जटिल प्रकरणों में प्रबंधन के लिये सर्व-सुविधायुक्त आब्स्ट्रेटिक आईसीयू, स्त्री रोग संबंधी उपचार सुविधायें, नवजात शिशु स्वास्थ्य देखभाल के लिये गहन नवजात शिशु चिकित्सा इकाई (SNCU) व मदर निओ नेटल केयर यूनिट (MNCU), मदर मिल्क बैंक (अमृत कलश), टीकाकरण आदि सेवाएँ उपलब्ध हैं।

विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान, आयुक्त स्वास्थ डॉ सुदाम खाड़े, चिकित्सालय अधीक्षक प्रवीण कुमार सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने की बरगी व्यपवर्तन परियोजना की समीक्षा

भूमि-अधिग्रहण की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश

भोपाल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बरगी परियोजना का पानी सतना में आगामी रबी सीजन के पहले पहुँचाने निर्देश दिये हैं। उन्होने सभी राजस्व अधिकारी भू-अर्जन एवं मुआवज़ा वितरण की कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री ने रीवा में संभागीय बैठक में सभी संबंधित अधिकारी अपनी ज़िम्मेदारियों को तय सीमा में पूरा करने के लिये नियमित समीक्षा करें।

उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न ज़िलों के लंबित अधिग्रहण मामलों की जिलेवार समीक्षा की और प्रगति की जानकारी प्राप्त कर निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बुधवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से बरगी व्यपवर्तन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री ने एनवीडीए के अधिकारियों से कार्य की भौतिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना अन्तर्गत टनल निर्माण कार्य, नहर की वितरक शाखाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में वीसी के माध्यम से कटनी, मैहर, सतना और पन्ना के कलेक्टर, मंत्रालय से ईएनसी एनवीडीए प्रमोद कुमार शर्मा सहित विभागीय अधिकारी शामिल हुए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button