देश

बिहार-बेगूसराय में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष में 10 लोग गंभीर घायल

बेगूसराय.

बेगूसराय जिले के भगवानपुर थानाक्षेत्र के मखवा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। इसमें 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विवाद पांच कट्ठा जमीन को लेकर था, जिसे लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना का मुख्य कारण पांच कट्ठा जमीन को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष के बिंदेश्वरी महतो ने बताया कि वे अपने मवेशियों के लिए घास काटने गए थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बिंदेश्वरी महतो का दावा है कि आरोपी पक्ष उन पर अपनी आठ कट्ठे की जमीन में से पांच कट्ठा जमीन लिख देने का दबाव बना रहे थे, लेकिन उनके मना करने पर इस हमले को अंजाम दिया गया।

हमले में ये लोग हुए घायल
इस खूनी संघर्ष में बिंदेश्वरी महतो के परिवार के पांच सदस्य बिंदेश्वरी महतो, उनकी पत्नी सुषमा देवी, बेटा कौशल महतो, बहू कंचन देवी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर, धीरज कुमार, नीरज कुमार, रवि किशन, उत्कर्ष कुमार, हरिनारायण सिंह और सुनीता देवी भी इस संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दोनों पक्षों का दावा
पीड़ित बिंदेश्वरी महतो का कहना है कि आरोपियों ने उनकी जमीन पर कब्जा करने के लिए पहले से साजिश रची थी और जमीन को लेकर लंबे समय से दबाव बना रहे थे। आरोपियों ने चोरी-छिपे जमीन का हिस्सा हरी नारायण सिंह के नाम से अपनी बहुओं के नाम पर रजिस्ट्री करा लिया था। इसी विवाद के चलते जब बिंदेश्वरी महतो अपने खेत में घास काटने गए, तो उन पर हमला कर दिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के धीरज कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर बिंदेश्वरी महतो जबरन घास काटने लगे थे। जब इसका विरोध किया गया, तो बिंदेश्वरी महतो और उनके परिवार ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला किया। धीरज कुमार ने यह भी दावा किया कि बिंदेश्वरी महतो ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
इस मामले में दोनों पक्षों ने भगवानपुर थाने में आवेदन दिया है। भगवानपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, लेकिन पुलिस हालात पर कड़ी नजर रख रही है।

घटना का वीडियो हुआ वायरल
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सही वजहों का पता चल सके। फिलहाल, दोनों पक्षों के घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button