मध्यप्रदेश

लंबे समय से फरार काजी गिरफ्तार, एक दिन का रिमांड, इस मामले में थी तलाश

देवास
शहर के सिल्वर कालोनी क्षेत्र में चार माह पहले हुए गोलीकांड के मामले में फरार शहर काजी अबुल कलाम को आखिरकार औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि यह खबर भी सामने आई कि आरोपित काजी ने सरेंडर किया है। गुरुवार को पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपित को विशेष न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

 देर रात हुई गिरफ्तारी

आरोपित की गिरफ्तारी  देर रात किया जाना बताया गया है। गुरुवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र थाने पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। एहतियात के तौर पर थाने के बाहर बेरिकेट भी लगाए गए थे। एएसपी जयवीरसिंह भदौरिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपित काजी को रसलपुर चौराहा से वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।

 

पुलिस को मिली थी यह सूचना

 देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित सफेद रंग की कार से इंदौर के खजराना की ओर से भोपाल की ओर जा रहा है। इसीके चलते रात में चेकिंग पाइंट लगाए गए, जिसके चलते गिरफ्तारी में कामयाबी मिली। पुलिस ने आरोपित की कार भी जब्त की है।

पुलिस के बड़े अधिकारी भी पुलिस थाना पहुंचे

इधर गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना पर पुलिस के बड़े अधिकारी भी पहुंच गए थे। यहां से शाम करीब साढ़े 4 बजे आरोपित को थाने से न्यायालय ले जाया गया। विशेष लोक अभियोजक अतुल कुमार पंड्या ने बताया कि विशेष न्यायालय ने आरोपित को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस को आरोपित से वारदात में प्रयुक्त हथियार और उसका लायसेंस भी जब्त करना है।

उन्होंने बताया कि आरोपित के खिलाफ जानलेवा हमले सहित आर्म्स एक्ट और एट्रोसिटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। इधर न्यायालय में पेशी के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी और जवान तैनात रहे। आरोपित को कोर्ट में पेश करने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी भी कोर्ट परिसर में एकत्र हो गए थे।

जमकर हुआ था बवाल

पिछले साल अगस्त माह के अंत में सिल्वर पार्क में दो पक्षों के लोगों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद काजी के पक्ष में सैकड़ों की संख्या में मुस्लिमों ने थाने पहुंचकर कुछ लोगों के खिलाफ अभद्रता सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज करवाया था। इसके बाद से ही हिंदू पक्ष आक्रोशित था। लोगों ने शहर काजी अबुल कलाम पर आरोप भी लगाए थे। मामले में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें आरोपित काजी पिस्टल लेकर भागते दिखा था। इस संबंध में सिल्वर कालोनी के हिंदू युवक की रिपोर्ट पर आरोपित पर प्रकरण दर्ज किया गया था।

थाने का घेराव और जाम भी लगाया

चार माह पूर्व हुए घटनाक्रम और कुछ लोगों पर प्रकरण दर्ज होने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने 1 सितंबर को औद्योगिक क्षेत्र थाने का घेराव कर दिया था। घंटों चली नारेबाजी और हंगामे के बाद पुलिस ने शहर काजी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया था। इधर प्रकरण से असंतुष्ट हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने इंदौर रोड बायपास चौराहा पर दो घंटे तक रास्ता जाम कर दिया था। कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button