उत्तर प्रदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम की नगरी अयोध्या को 15 हजार करोड़ की सौगात देने के साथ ही उन लोगों को जवाब भी दिया, 4 करोड़ गरीबों को पक्का घर मिला है

अयोध्या
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को श्रीराम की नगरी अयोध्या को 15 हजार करोड़ की सौगात देने के साथ ही उन लोगों को जवाब भी दिया जो यह आरोप लगाते हैं कि केवल हिन्दू तीर्थ स्थलों का ही विकास हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर केवल रामलला को ही नहीं देश के चार करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज भारत अपने तीर्थों को भी संभाल रहा है तो डिजिटल टेक्नालॉजी में भी आगे बढ़ रहा है। देश में 30 हजार से ज्यादा पंचायत भवन भी बन रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि केवल केदारधाम का पुर्नरुद्धार नहीं हुआ है तीन सौ से ज्यादा मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। उज्जैन के महाकाल का उद्धार ही नहीं हुआ है बल्कि नल जल योजना से दो हजार से ज्यादा टंकियां बनाई गई हैं। जल थल को हम नाप रहे हैं तो पौराणिक मूर्तियों को भी विदेशों से वापस ला रहे हैं। आज यहां प्रकृति का उत्सव है तो आगे परंपरा का उत्साह भी होगा। विकास की नव्यता दिख रही है तो विरासत की भव्यता भी दिखेगी। यही विरासत देश को आगे ले जाएगी।

दुनिया में कोई भी देश हो अगर उन्हें विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है तो अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है। हमें सही मार्ग दिखाती है। आज का भारत पुरातन और नूतन दोनों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि 22 जनवरी का इंतजार सभी लोग कर रहे हैं। मैं भी उस तारीख के लिए उत्साहित हूं। पीएम मोदी ने इसके साथ ही लोगों से अपील की कि पांच हजार साल जब इंतजार किया है तो कुछ दिन और इंतजार कीजिए। 22 जनवरी को अयोध्या आने की कोशिश न करें। उसके बाद आएं। 22 जनवरी को कुछ लोगों को ही न्योता भेजा गया है।

अयोध्या केवल अवध ही नहीं पूरे यूपी को दिशा देगी
पीएम मोदी ने कहा कि प्राचीन काल में अयोध्या नगरी कैसी थी इसका वर्णन वाल्मीकि जी ने विस्तार से किया है। उन्होंने लिखा है कि महान अयोध्या पुरी धन धान्य से परिपूर्ण थी। समृद्धि के शिखर पर थी। यहां पर विज्ञान और वैराग्य था ही वैभव भी शिखर पर था। अयोध्या नगरी की उसी पुरातन पहचान को आधुनिकता से जोड़कर वापस लाना है। आने वाले समय में अयोध्या नगरी केवल अवध क्षेत्र ही नहीं पूरे यूपी को दिशा देने वाली है।

पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद यहां आने लोगों की संख्या में बहुत ज्यादा वृद्धि होगी। इसका ध्यान रखते हुए विकास कार्य हो रहे हैं। अयोध्या स्मार्ट बन रही है। सड़कों का चौड़ीकरण हो रहा है। नए फ्लाईओवर बन रहे हैं। नए पुल बन रहे हैं। आसपास के जिलों से जोड़ने के लिए यातायात के साधनों को जोड़ा जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। वाल्मीकि ने हमें रामायण से श्रीराम के कृतित्व से परिचित कराया है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण वह ज्ञान मार्ग है जो हमें श्रीराम से जोड़ती है।

पीएम मोदी ने कहा कि अभी पहले चरण में एयरपोर्ट पर हर साल दस लाख लोगों की क्षमता है। भविष्य में यहां 60 लाख लोग आ जा सकेंगे। इसी तरह रेलवे स्टेशन पर अभी दस हजार लोग रोज आ जा सकते हैं। आगे 60 हजार लोग आ जा सकेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ समय में देश ने वंदे भारत, नमो भारत ट्रेनें शुरू की थी। अब अमृत भारत ट्रेन शुरू हो रही है। यह सौभाग्य की बात है कि पहली अमृत भारत ट्रेन अयोध्या से चलने जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button