देश

यमुनोत्री के बाद गंगोत्री में भी आफत, जाम में फंसी 900 गाड़ियां

उत्तराखंड

गेट सिस्टम से यमुनोत्री मार्ग पर तो इंतजामात पटरी पर लौटते दिख रहे हैं, लेकिन गंगोत्री मार्ग पर व्यवस्थाएं चरमरा गईं। क्षमता से अधिक यात्री पहुंचने पर ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई। गंगोत्री यात्रा मार्ग पर गंगनानी से गंगोत्री के बीच लगभग 60 किमी के दायरे में करीब 900 यात्री वाहन दिनभर जाम में फंसे रहे।

रविवार रात से सोमवार शाम तक गंगनानी से हर्षिल तक ट्रैफिक रेंगता रहा। यात्री हलकान रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दोपहर बाद उत्तरकाशी, भटवाड़ी, शिव गुफा, नगुण बैरियर पर वाहन रोक दिए और गंगोत्री की तरफ जा रहे वाहनों के दबाव को कम किया।

वहीं,जाम में फंसे कई श्रद्धालु उत्तरकाशी से बिना दर्शन किए वापस लौट गए। दरअसल, बीते रविवार को यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर जाम से सैकड़ों यात्रियों ने रास्ता बदल गंगोत्री धाम का रुख किया। डामला से बर्नीगाड़, राड़ी टॉप बाईपास होकर यात्री गंगोत्री पहुंचने लगे।

ऐसे में क्षमता से अधिक तीर्थयात्रियों के गंगोत्री पहुंचने के कारण रविवार रात से ही गंगा घाटी में हालात बिगड़ने लगे। गंगोत्री राजमार्ग पर गंगनानी से हर्षित तक करीब 60 किमी क्षेत्र में वाहन जाम में फंस गए।स्थिति तब और बिगड़ी जब सोमवार तड़के उत्तरकाशी, भटवाड़ी आदि पड़ावों से भी यात्रियों ने गंगोत्री धाम का रुख किया।

ऐसे में एक तरफ से गंगोत्री जाने वाले वाहन और दूसरी तरफ से लौट रहे वाहन संकरे रास्तों में फंसने लगे। सोमवार को गंगोत्री जा रहे वाहन जहां गंगनानी में जाम में फंस गए। वहीं, गंगोत्री से लौट रहे वाहनों ने धराली से लेकर हर्षित, झाला बैंड, सुक्की टॉप तक सड़क को जाम कर दिया। दिनभर यह स्थिति रही। कई यात्री 24 घंटे तक जाम फंसे रहे।

पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि गंगोत्री धाम में पार्किंग फुल होने और यात्रियों की संख्या बढ़ने से सोमवार को दोपहर बाद गंगोत्री धाम जाने वाले सभी यात्रियों को नेताला से आगे नहीं जाने दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत नगुण बैरियर, शिवगुफा ब्रह्मखाल, उत्तरकाशी, नेताला, हीना आदि स्थानों पर रोका गया है। जब तक गंगनानी से लेकर गंगोत्री तक वाहनों का दबाव नहीं हटता, तब तक यात्रियों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।

गंगोत्री-यमुनोत्री के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
उत्तरकाशी के डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि यमुनोत्री और गंगोत्री धाम आने वाले तीर्थयात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। कंट्रोल रूम उत्तरकाशी के नंबर 337269 और पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9411112976 पर यात्री कॉल कर सकते हैं।

रास्ते में वाहन खराब होने से भी आई दिक्कत
सोमवार को झाला, सुक्की के आसपास एक वाहन का पट्टा टूट गया। इससे वाहन सड़क पर खड़ा हो गया। इससे जाम और बढ़ गया। जो यात्री गंगोत्री से लौट रहे थे वे भी मार्ग में फंस गए। ऐसे में नीचे से गंगोत्री जा रहे यात्रियों को भी रोकना पड़ा।

900 वाहन फंसे रहे
गंगोत्री यात्रा मार्ग पर गंगनानी से गंगोत्री के बीच लगभग 60 किमी के दायरे में करीब 900 यात्री वाहन दिनभर जाम में फंसे रहे। हालांकि देर शाम तक पुलिस-प्रशासन की टीम ने वाहनों का दबाव काफी हद तक कम कराया। गेट सिस्टम और वन वे व्यवस्था से धीरे-धीरे करके वाहनों को छोड़ा जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button