मध्यप्रदेश

खजुराहो सीट की सियासी लड़ाई अब और दिलचस्प हो गई, इंडिया गठबंधन ने बदली अपनी रणनीती

खजुराहो

मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट की सियासी लड़ाई अब और दिलचस्प होती जा रही है। खजुराहो सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी मीरा यादव का पर्चा खारिज होने के बाद अब इंडिया गठबंधन ने यहां अपनी रणनीती में बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस और सपा ने खजुराहो सीट पर अब ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है। खजुराहो सीट से भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का मुकाबला ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर.बी. प्रजापति से होगा।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने  इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने खजुराहो लोकसभा सीट विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ('इंडिया') की अपनी सहयोगी समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी थी। दुर्भाग्य से सत्ता के खुले खेल और लोकतंत्र के सभी मानदंडों के खिलाफ जाकर भाजपा सपा उम्मीदवार का नामांकन खारिज करवाने में सफल हो गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब इंडिया गठबंधन के एक अन्य सदस्य, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर.बी. प्रजापति को अपना समर्थन देने का फैसला किया है। वह मध्य प्रदेश के खजुराहो लोकसभा से इंडिया गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी होंगे।

मपी में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे अखिलेश यादव; गुना पर रहेगा फोकस

वहीं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) की मध्य प्रदेश इकाइयों के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में अखिलेश यादव के प्रचार दौरे का कार्यक्रम तय करने के लिए सोमवार को बैठक की। मध्य प्रदेश में सपा और कांग्रेस गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं और अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा को चुनाव लड़ने के लिए खजुराहो सीट दी गई थी, हालांकि उनके उम्मीदवार का नामांकन प्रपत्र (फॉर्म) खारिज कर दिया गया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रमुख मनोज यादव ने बताया कि अखिलेश यादव कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए चार से छह सभाओं को संबोधित करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मीडिया सलाहकार के.के. मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस और सपा के नेताओं ने आज मुलाकात की तथा मध्य प्रदेश में यादव के दौरे की रूपरेखा तैयार की। दोनों दल शीघ्र ही उनके दौरे का कार्यक्रम अपने केंद्रीय नेतृत्व को भेजेंगे। मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गुना में सभाओं को संबोधित करने के लिए कहा जाएगा। गुना से कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

एक अनुमान के मुताबिक गुना में करीब 1.50 लाख यादव मतदाता हैं। वर्ष 2019 में, भाजपा उम्मीदवार के पी यादव ने तब कांग्रेस के साथ रहे सिंधिया को 1.25 से अधिक मतों के अंतर से हराया। गुना में 7 मई को मतदान होगा।

सोमवार की बैठक में कांग्रेस और सपा ने भी खजुराहो में ‘ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक’ के उम्मीदवार आर.बी. प्रजापति को समर्थन देने का भी फैसला किया। सपा प्रवक्ता यश भारतीय ने कहा कि प्रजापति शेर के चिन्ह पर लड़ रहे हैं और वह एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं।

मध्य प्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के साथ सीट साझा करने का समझौता नहीं कर पाने के कारण सपा नाराज थी। विधानसभा चुनाव भाजपा ने जीत लिया था। सपा और कांग्रेस के बीच उस समय तल्खी बढ़ गई जब वरिष्ठ नेता कमल नाथ ने गठबंधन पर एक सवाल को यह कहकर टाल दिया कि 'अखिलेश वखिलेश' के बारे में भूल जाओ।  

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button