देश

RJD पिछले चुनाव में हारे छह प्रत्याशियों पर फिर लगाया दांव

पटना
 राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने वर्ष 2019 में पराजित छह योद्धाओं पर भरोसा जताते हुये उनपर दाव लगाया है और उन्हें चुनावी समर में उतार दिया है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव मे महागठबंधन में शामिल राजद ने 19 प्रत्याशियों को चुनावी रणभूमि में उतारा था, लेकिन सभी प्रत्याशी को पराजय का सामना करना पड़ा। इस बार के चुनाव में राजद ने वर्ष 2019 के चुनाव में अपनी पार्टी के पांच पराजित योद्धा समेत छह पर भरोसा जताते हुये उन्हें फिर से चुनावी मैदान में उतार दिया है।इनमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव, पूर्व सांसद सुरेन्द्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद अर्जुन राय, राज्यसभा सांसद मीसा भारती और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम शामिल हैं। राजद ने इसके अलावा वाल्मीकी नगर लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर लड़े पराजित उम्मीदवार दीपक यादव पर भी भरोसा जताते हुये उनपर दाव लगाया है।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जय प्रकाश नारायाण यादव ने बांका संसदीय सीट से चुनाव लड़ा, जहां उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी गिरिधारी यादव ने पराजित कर दिया। पूर्व सांसद सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने जहानाबाद संसदीस सीट से अपनी तकदीर आजमायी लेकिन उन्हें सत्ता के नये खिलाड़ी जदयू प्रत्याशी चंद्रेश्वर प्रसाद ने शिकस्त दे दी। पूर्व सांसद अर्जुन राय सीतामढ़ी संसदीय पर चुनावी मैदान में उतरे लेकिन उन्हें जदयू प्रत्याशी पूर्व मंत्री सुनील कुमार पिंटू ने मात दे दी। मीसा भारती ने पाटिलीपुत्र सीट से चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें भाजपा उम्मीदवार राम कृपाल यादव ने परास्त कर दिया। पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम हाजीपुर (सु) से चुनावी समर में उतरे लेकिन उन्हें लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान के छोटे भाई पशुपति कुमार पारस ने मात दे दी।

वर्ष 2019 में वाल्मीकी नगर लोकसभा सीट पर दीपक यादव ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में जदयू प्रत्याशी वैधनाथ प्रसाद महतो ने कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय केदार पांडेय के पौत्र और पूर्व सांसद स्वर्गीय मनोज पांडेय के पुत्र शाश्वत केदार को पराजित किया। बसपा प्रत्याशी दीपक यादव तीसरे नंबर पर रहे थे। महतो के निधन के बाद वर्ष 2020 में इस सीट पर उप चुनाव हुआ। उप चुनाव में जदयू उम्मीदवार वैधनाथ प्रसाद महतो के पुत्र सुनील कुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रवेश कुमार मिश्रा को पराजित किया। इस बार के चुनाव में कांग्रेस वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ना चाहती थी लेकिन राजद ने इस सीट पर अपना प्रत्याशी उतार दिया।

वाल्मीकीनगर लोकसभा सीट पर मिली पराजय के बाद दीपक यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। दीपक यादव इस सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला।आजीवन भाजपा के साथ रहने का दावा करने वाले दीपक यादव ने भाजपा से इस्तीफा देकर हाल ही में राजद का दामन थामा है। यादव इस बार वाल्मीकीनगर से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ेगे। दीपक यादव तिरुपति शुगर मिल,बगहा के प्रबंध निदेशक और उत्तर प्रदेश के चर्चित बाहुबली नेता पूर्व सांसद डीनई यादव के दामाद हैं।

इस तरह इस बार के चुनाव में जय प्रकाश नारायण एक बार फिर बांका, सुरेन्द्र प्रसाद यादव जहानाबाद, अर्जुन राय, सीतामढ़ी, मीसा भारती पाटलिपुत्र,शिवचंद्र राम हाजीपुर (सु) और दीपक यादव वाल्मीकीनगर सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button