विदेश

आतंकी हमले से दहला राजधानी मॉस्को, 60 की मौत, 145 घायल, पीएम मोदी ने मॉस्को आतंकी हमले की निंदा की

मॉस्को
आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने रूस की राजधानी मॉस्को के पास कॉन्सर्ट हॉल में हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। शुक्रवार को हथियारों से लैस आतंकी मॉस्को के पास स्थित क्रोकस सिटी हॉल में घुस गए थे और वहां मौजूद भीड़ के ऊपर गोलियां बरसानी शुरू कर दी थी। आतंकियों ने हॉल में पेट्रोल बम फेंककर आग भी लगा दी। समाचार एजेंसी स्पुतनिक के मुताबिक, इस घातक हमले में अब तक कम से कम 60 लोगों के मारे जाने की सूचना है, जबकि 100 से अधिक घायल हुए हैं। ये हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ दिन पहले ही व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति चुनाव में एकतरफा जीत हासिल कर सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मॉस्को के पास हुए आतंकी हमले की निंदा की, जिसमें 60 से ज्यादा लोग मारे गए। एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, "हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं।" उन्होंने कहा, "दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।"

शुक्रवार को इस्लामिक स्टेट से संबंधित समाचार एजेंसी 'आमाक' ने टेलीग्राम पर एक संक्षिप्त संदेश जारी किया, जिसमें आतंकी समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली। हालांकि, समूह ने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं पेश किए। यह भी नहीं पता चला है कि हमलावरों के साथ क्या हुआ है। क्रोकस सिटी हॉल का हमला पिछले कुछ वर्षों में रूस में हुआ सबसे घातक हमला है और ये तब हुआ है जब यूक्रेन में रूस की जंग तीसरे साल में पहुंच गई है।

आतंकियों ने हॉल में लगा दी आग

मॉस्को के पास मौजूद क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट हॉल और शॉपिंग सेंटर दोनों है। हमले के जो वीडियो सामने आए हैं, उसमें सिटी हॉल में आग लगी दिखाई दे रही है और आसमान में धुआं छा रहा है। रूस की सरकारी एजेंसी नोवोस्ती ने बताया कि सशस्त्र हमलावरों ने स्वाचालिक हथियारों से गोलीबारी की और एक ग्रेनेड या आग लगाने वाला बम फेंका, जिससे आग लग गई। एजेंसी ने बताया कि इसके बाद आतंकी एक कार में सवार होकर भाग गए।

कैसे हर बार रूस के राष्ट्रपति बन जाते हैं व्लादिमिर पुतिन

रूस की सरकारी एजेंसी रशिया 24 के अनुसार, हमला रॉक बैंड समूह पिकनिक के प्रदर्शन से थोड़ी देर पहले ही हुआ और वहां काफी लोग जमा थे। बैंड के मैनेजर ने न्यूज एजेंसी को बताया कि कलाकारों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हमले के वक्त मौजूद रूस के ही एक मीडिया आउटलेट स्पुतनिक के संवाददाता के अनुसार, "आतंकवादी कॉन्सर्ट हॉल में घुस गए और लोगों को प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारनी शुरू कर दी।" उन्होंने आगे कहा कि संगीत कार्यक्रम शुरू होने से कुछ मिनट पहले नकाबपोश लोग हॉल में घुस आए। उन्होंने लोगों को गोली मारी और आग लगाने वाले बम फेंके।

आइए जानते हैं कि पूरा घटनाक्रम कैसे हुआ और अब तक क्या-क्या पता चला है।
 

  1.     क्रोकस सिटी हॉल मॉस्को क्षेत्र में सबसे बड़े और सबसे लोकप्रिय संगीत स्थलों में से एक है। 6000 लोगों की क्षमता वाले इस कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार को रॉक बैंड 'पिकनिक' परफॉर्म करने वाला था। म्यूजिक शो देखने के लिए हॉल में भारी भीड़ मौजूद थी।
  2.     कार्यक्रम शुरू होने के कुछ मिनट पहले ही अज्ञात बंदूकधारी आतंकी हॉल में घुस आए और वहां मौजूद भीड़ पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। माना जा रहा है कि हमले में 5 हमलावर शामिल थे।
  3.     रूसी मीडिया के अनुसार, रूस की जांच एजेंसी के एक प्रवक्ता ने शनिवार सुबह कहा कि साठ लोग मारे गए। यह संख्या बढ़ सकती है। पहले अधिकारियों ने कहा था कि कम से कम 145 लोग घायल हुए हैं।
  4.     समाचार एजेंसी रिया ने मॉस्को के गवर्नर एंड्री वोरोब्योव के हवाले से कहा कि 110 वयस्कों और पांच बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 60 वयस्कों की हालत गंभीर है।
  5.     आतंकवादी समूह ने इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। समूह से जुड़ी एजेंसी आमाक ने टेलीग्राम पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। पोस्ट में बताया है कि हमलावर बाद में भागने में सफल रहे थे।
  6.     रूस के नेशनल गार्ड्स ने क्रोकस सिटी हॉल पर हमला करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तलाशी के दौरान आतंकी नहीं मिले।
  7.     घटनास्थल से वीडियो सामने आए हैं, जिसमें बंदूकधारी स्वचालित हथियारों से फायरिंग कर रहे हैं। वहीं, घबराए लोग अपनी बचाने के लिए भाग रहे हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने स्पुतनिक को बताया कि हमलावर लोगों को सीधे गोली मार रहे थे।
  8.     हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंककर बिल्डिंग में आग लगा दी। सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस ने बताया कि लगभग पूरी इमारत आग की लपटों में घिरी हुई थी। लोग इमारत के अंदर ही रह गए थे और कुछ लोग छत पर फंसे हुए थे।
  9.     रूस की समाचार एजेंसी रशिया 24 ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आग लगने के चलते कॉन्सर्ट हॉल की छत का एक हिस्सा ढह गया।
  10.     घटना के बाद रूसी सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है और आतंकियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। क्रेमलिन ने बताया है कि हमले के कुछ देर बाद ही राष्ट्रपति पुतिन को जानकारी दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button