देश

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर AAP हुई आगबबूला, दिल्ली होगी जाम? वाहन चालक इन रास्तों पर जानें से बचें

नई दिल्ली
 दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुबह से ही दिल्ली के ITO इलाके में पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। कुछ जगहों पर ट्रैफिक की भी दिक्कत रह सकती है। अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो ये खबर आपके काम की है। आज दिल्ली पुलिस के निर्देश पर ITO मेट्रो स्टेशन को भी बंद किया गया है। अगर आप भी ITO मेट्रो स्टेशन का उपयोग करते हैं, तो आज किसी दूसरे स्टेशन से मेट्रो पकड़ें। इसके अलावा ITO से कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले रास्ते पर को भी बंद किया जा सकता है। ऐसे में दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली के ट्रैफिक और मेट्रो से जुड़े अपडेट्स यहां जानिए।

ITO मेट्रो स्टेशन बंद, अभी बंद हो सकते हैं कुछ और स्टेशन
सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की सलाह पर DMRC ने ITO मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया है। DMRC ने ट्वीट करते हुए कहा, 'दिल्ली पुलिस की सलाह पर ITO मेट्रो स्टेशन आज यानी 22 मार्च 2024 को सुबह 08:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक बंद रहेगा।' ITO के आसपास कई ऑफिस हैं, जहां हजारों लोग रोजाना पहुंचते हैं। ऐसे में मेट्रो से ITO आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा ED दफ्तर के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। माना जा रहा है कि ED दफ्तर के नजदीकी मेट्रो स्टेशन लोक कल्याण मार्ग को भी बंद किया जा सकता है।

इसके अलावा आज डीडीयू मार्ग पर स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय पर काफी सुरक्षा बढ़ाई गई है। केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP विरोध प्रदर्शन कर सकती है। ऐसे में डीडीयू मार्ग को बंद किया गया है। वहीं सुरक्षा को देखते हुए मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर को भी बंद किया जा सकता है, हालांकि अभी तक इसके बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

इन रास्तों से भी बचें
सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से कई रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के मुताबिक, सुरक्षा के खास इंतजाम के चलते दिल्ली के कृष्ण मेनन मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को अगली सूचना तक इन हिस्सों से बचने की सलाह दी है।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP के हल्ला बोल के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कुछ अन्य रास्तों पर भी ट्रैफिक अलर्ट जारी किया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी करते हुए बताया, दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग यानी डीडीयू मार्ग पर राजनीतिक दल के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आईपी मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर यातायात भारी रहेगा। डीडीयू मार्ग यातायात संचालन के लिए बंद रहेगा। डीडीयू मार्ग बंद होने से अजमेरी गेट की तरफ से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को दिक्कत होगी।

भाजपा के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन करेगी 'आप'

दिल्ली के मंत्री और 'आप' की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने ईडी द्वारा केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद भाजपा के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। गोपाल राय ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या और तानाशाही की घोषणा है। 'आप' ने इंडिया गठबंधन को भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

गोपाल राय ने कहा, "…बीजेपी ने एजेंसियां ​​भेजकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाया…यह लोकतंत्र की हत्या है।"

'आप' नेता ने कहा, ‘‘मैं देशवासियों से अपील करता हूं कि वे इस तानाशाही के खिलाफ देशभर में भाजपा के कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करें। हम कल सुबह 10 बजे आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर एकत्र होंगे और फिर भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।’’

राय ने कहा कि यदि केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है तो किसी को भी गिरफ्तार किया जा सकता है और उनकी आवाज को दबाया जा सकता है। आज से लड़ाई शुरू हो गई है। अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं।

एएनआई के अनुसार, यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्षी दल विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे, गोपाल राय ने कहा कि कल एक खुला विरोध है। जो भी तानाशाही के खिलाफ है, उन सभी का इसमें शामिल होने के लिए स्वागत है। वहीं 'आप' नेता आतिशी ने कहा कि कांग्रेस ने इंडिया ब्लॉक के सदस्यों से समर्थन का आश्वासन दिया है।

केजरीवाल को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद 'आप' कार्यकर्ताओं ने ईडी के खिलाफ एर्नाकुलम में विरोध प्रदर्शन किया। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button