देश

अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि होने जा रही, तीन दिनों तक होगी झमाझम बारिश : मौसम विभाग

नई दिल्ली
उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। यूपी समेत कई राज्यों में दिन के समय तेज धूप खिल रही है। अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि होने जा रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में 16-18 मार्च (तीन दिन) तक हल्की से मध्यम बारिश होगी।

पिछले 24 घंटे में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हल्की से मध्यम बरसात हुई। वहीं, गंगीय पश्चिम बंगाल में ओले भी गिरे।
मौसम विभाग ने झारखंड, ओडिशा में 14-20 मार्च, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश में 16-20 मार्च के बीच बारिश और आंधी तूफान की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में 17 और 18 मार्च को ओले गिरने वाले हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 15 और 16 मार्च को बारिश होने जा रही है।

वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा में 14-20 मार्च के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। केरल, माहे, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले पांच दिनों तक गर्म दिन बना रहेगा। इसके अलावा, नॉर्थ इंटीरियर कर्नाटक में 14 और 15 मार्च को हीटवेव चलने वाली है। उत्तर पश्चिम भारत में गर्मी आने वाले दिनों में बढ़ने जा रही है। तीन दिनों के बाद उत्तर पश्चिम और वेस्ट भारत के राज्यों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आने वाली है। वहीं, दूसरी ओर ओडिशा में अगले पांच दिनों के दौरान मैक्सिमम टेम्प्रेचर में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

दिल्ली में तापमान में गिरावट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 14.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बुधवार को दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। लेकिन अगले छह दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button