विदेश

दुबई मॉल का कारनामा बना दुनिया की सबसे ज्यादा घूमी जाने वाली जगह, साल भर में 10 करोड़ से ज्यादा विजिटर्स

दुबई
दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मॉल दुबई मॉल ने ऐसा कारनामा किया है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। साल 2023 में दुबई मॉल में 10.5 करोड़ लोगों ने प्रवेश किया, जो कि साल 2022 के 8.8 करोड़ से 19 प्रतिशत ज्यादा है। इसके चलते ये मॉल धरती पर सबसे ज्यादा विजिट की जाने वाली जगह बन गया है। बीते मंगलवार को मॉल की तरफ से जारी किए गए लेटेस्ट आंकड़ों से ये जानकारी सामने आई है।

इस साल दो महीने में ही पहुंचे दो करोड़ लोग

नवीनतम आंकड़ों में ये भी सामने आया है कि साल 2024 में सिर्फ दो महीने के भीतर 2 करोड़ लोग मॉल विजिट कर चुके हैं। जो इशारा करता है कि ये साल एक नया रिकॉर्ड बना सकता है। अमीरात समाचार एजेंसी (डब्ल्यूएएम) ने बताया कि मॉल के कार्यक्रमों और प्रमोशन के साथ ही महत्वपूर्ण उत्सव के अवसरों और अंतरराष्ट्रीय समारोहों ने साल 2023 और 2024 की शुरुआत में मॉल में आवाजाही को काफी बढ़ाया। इसके साथ ही मॉल की डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी मजबूती से मौजूदगी है। दुबई मॉल के इंस्टाग्राम पेज पर 13 लाख फॉलोवर्स हैं, जबकि ग्राहक संतुष्टि के मामले में इसका औसत 4.6 है।

दुबई मॉल को बनाने वाली कंपनी एमार प्रॉपर्टीज के फाउंडर मोहम्मद अलब्बार ने आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "ये नंबर्स दुबई मॉल की प्रभावशाली स्थिति के साथ ही दुबई के दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत अर्थव्यवस्था को दर्शाते हैं। हमारा मॉल शहर की जीवंत भावना और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जो नेतृत्व के विजन को वास्तविकता में बदलता है। दुबई के आर्थिक परिदृश्य का एक अभिन्न अंग होने के नाते शहर की सफलता और नवाचार में हमारी महत्वपूर्ण भूमिका है।"

दुनिया भर से आ रहे लोग

नए आंकड़ें ये भी दिखाते हैं कि कैसे दुबई मॉल दुनिया भर के लिए आकर्षण बन गया है, जो दुनिया के हर कोने से आने वालों को आकर्षित करता है। मॉल में विभिन्न देशों के नागरिकों के पहुंचने को लेकर मोहम्मद अलब्बार ने कहा, "राष्ट्रीयताओं की यह विस्तृत शृंखला न केवल मॉल के विश्वव्यापी आकर्षण को रेखांकित करती है, बल्कि दुबई की महानगरीय संस्कृति को भी दर्शाती है।"

दुबई मॉल साल 2008 में विजिटर्स के लिए खोला गया था। 54 लाख वर्ग फीट में फैला ये मॉल दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मॉल है। मॉल को यूएई की कंपनी एमार प्रॉपर्टीज ने बनाया है, जो बड़ी बिल्डिंग बनाने के लिए जानी जाती है। इसने ही बुर्ज खलीफा का निर्माण भी किया है। पहले इसका नाम 'द दुबई मॉल' रखा गया था, लेकिन साल 2023 में मॉल प्रशासन ने इसे बदलकर 'दुबई मॉल' कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button