राजनीति

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर फोकस, भाजपा ने तैयार की महिलाओं को साधने की रणनीति

नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अबकी बार भाजपा के 370 सीट के साथ एनडीए के 400 पार के नारे को हकीकत में बदलने के लिए पार्टी के सभी अंगों ने अपने-अपने स्तर पर जमीनी काम शुरू कर दिया है। पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाने में आधी आबादी की खास भूमिका होगी और इसलिए भाजपा ने महिलाओं को साधने की रणनीति पर फोकस बढ़ा दिया है।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर फोकस
देश भर में महिला मतदाताओं को साधने की इस कोशिश के तहत चार से छह मार्च के बीच देश भर में महिला मैराथन, महिला स्कूटी व बाइक रैली निकाली जाएगी। मैराथन और स्कूटी रैली में आम महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए इसका आयोजन सीधे भाजपा के बैनर तले करने की बजाय गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से होगा।

भाजपा महिला मोर्चा शक्ति वंदन रैली
पीएम मोदी इसके बाद बंगाल में छह मार्च को करीब एक लाख महिलाओं की सभा संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की रैली के पहले देश भर में महिलाओं को मोबलाइज करने के लिए भाजपा महिला मोर्चा शक्ति वंदन रैली के नाम से देशव्यापी अभियान चलाएगी जिसमें महिला मैराथन और महिला स्कूटी व बाइक रैलियों को सफल बनाने पर जोर होगा।

देश के हर जिले में महिला मैराथन
हालांकि ये रैलियां और मैराथन सीधे भाजपा के बैनर तले नहीं होंगी। गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से महिलाओं को जोड़ने वाले इन कार्यक्रमों में महिला खिलाड़ी, छात्राएं, पेशवर युवतियों से लेकर हर वर्ग की महिलाओं को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के मुताबिक, चार मार्च को देश के हर जिले में महिला मैराथन, पांच मार्च को विधानसभा वार महिलाओं की स्कूटी और बाइक रैली निकाली जाएगी।

महिला मोर्चा पूरी तरह तैयार
महिलाओं को जोड़ने की दो दिन की इस कसरत के बाद तीसरे दिन बंगाल में प्रधानमंत्री महिला रैली को ही संबोधित करेंगे। भाजपा महिला मोर्चा पीएम की इस रैली का सीधा प्रसारण हर मंडल में पहुंचाने का प्रयास भी करेगा। महिलाओं की भागीदारी चुनाव में और ज्यादा बढ़ाने पर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानाति श्रीनिवासन कहती हैं कि महिला मोर्चा का पूरा जोर इस बार हर बूथ पर 370 अतिरक्त वोट भाजपा को डलवाने पर होगा और उसके लिए जमीनी स्तर पर काम हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button