जीएसटी इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार
फाइल बढ़ाने के लिए व्यापारी से मांगे थे 60 हजार, पकड़ाने के बाद मुंह छिपाते नजर आया

सतना, रियल इंडिया न्यूज। लोकायुक्त रीवा की टीम ने सिविल लाइन तिराहे स्थित इनकम टैक्स कॉलोनी से सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर कुमार सौरभ को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई उनके सरकारी आवास पर की गई, जहां टीम पहले से ही तैयार बैठी थी। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई व्यापारी वीरेन्द्र कुमार की शिकायत पर की गई। उन्होंने 29 नवंबर को लोकायुक्त कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि इंस्पेक्टर लगातार उन पर ई-वे बिल से जुड़े मामले में 60 हजार रुपये कीअवैध मांग कर रहे थे।
फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगी रिश्वत
व्यापारी ने बताया कि पेनाल्टी न लगाने और फाइल आगे न बढ़ाने का दबाव बनाकर उनसे पैसे मांगे जा रहे थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोकायुक्त टीम ने पहले पूरे प्रकरण का सत्यापन किया और उसके बाद ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को तय रणनीति के अनुसार जैसे ही व्यापारी ने 20 हजार रुपये इंस्पेक्टर को दिए, टीम ने तुरंत उन्हें घेरकर पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि इंस्पेक्टर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टीम उन्हें हिरासत में लेकर सीधे सर्किट हाउस पहुंची, जहां उनसे प्राथमिक पूछताछ की गई। इसके बाद प्रकरण से जुड़े दस्तावेज और सबूत भी एकत्र किए गए।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इंस्पेक्टर लंबे समय से व्यापारियों पर अनैतिक तरीके से दबाव बनाकर वसूली करता रहा है। स्थानीय कारोबारी भी उसकी कार्यशैली से परेशान थे, लेकिन खुलकर शिकायत करने से डरते थे। फिलहाल लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि कहीं इंस्पेक्टर अन्य मामलों में भी अवैध वसूली में तो शामिल नहीं था। अधिकारीयों का कहना है कि जांच में अगर और तथ्य सामने आए, तो कार्रवाई और कड़ी होगी।
लोकायुक्त कार्यालय रीवा में की थी शिकायत
शिकायतकर्ता द्वारा 29 नवम्बर 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत आवेदन पत्र प्रस्तुत किया था कि श्री कैलाशराज ट्रैक्टर्स फर्म का ई वे बिल की पेनल्टी न लगाने एवं छापा न डालने के एवज में श्री कुमार सौरभ निरीक्षक निवारक शाखा केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग, प्रभाग सतना जिला सतना द्वारा 60,000/ रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त संभाग रीवा के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार द्वारा सत्यापन कराया गया, शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग करना पाया गया। 3 दिसम्बर को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी कुमार सौरभ निरीक्षक निवारक शाखा केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग, प्रभाग सतना जिला सतना को कार्यालय केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग, प्रभाग सतना जिला सतना मध्य प्रदेश में 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया है।
आमजन से अपील
ट्रेपकर्ता अधिकारी संदीप सिंह भदौरिया, निरीक्षक व ट्रेप दल के सदस्य – उपेंद्र दुबे, निरीक्षक, श्रीमती आँकक्षा शुक्ला , उप निरीक्षक, प्र.आर. मुकेश मिश्रा, पवन पांडे, आर. शाहिद खान , लवलेश पांडे, सुभाष, विजय , मनोज द्वारा अपनी टीम के साथ कार्यवाही की जा रही है। आमजन से अपील है की कोई अधिकारी कर्मचारी रिश्वत की माँग कर तो लोकायुक्त रीवा को मोबाइल नंबर 98936 07619 पर संपर्क कर सकते है।




