
जगदलपुर, (RIN)। बस्तर के बीजापुर में नक्सलियों की उग्रता बढ़ती ही जा रही है। सरकार के सभी प्लान फेल से नजर आ रहे हैं। शनिवार को नक्सलियों ने 700 जवानों को घेरकर हमला कर दिया। इस हमले में 24 जवान शहीद हुए हैं। इनमें कोबरा बटालियन के 9, डीआरजी के 8,एसटीएफ के 6 और एक बस्तरिया बटालियन का जवान शामिल है। इस बीच, ग्राउंड जीरो का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 20 जवानों के शव घटनास्थल पर ही दिखाई दे रहे हैं। वीडियो घटना के 24 घंटे बाद सामने आया और तब तक रेस्क्यू टीम यहां नहीं पहुंची थी। बॉडी रिकवर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और एयरफोर्स की मदद मांगी गई। मुठभेड़ के दौरान फंसे जवानों और शहीदों को लेने के लिए कई रेस्क्यू टीम पर नक्सलियों ने फिर हमला कर दिया है। इस दौरान नक्सलियों ने आईइडी ब्लास्ट किया। बताया जा रहा है कि एक जवान घायल भी हुआ है। वहीं लापता हुए 21 में से 20 जवानों के शव लोकेट कर लिए गए हैं। उनको रिकवर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और एयरफोर्स की मदद मांगी गई है।




